ढाई साल से लापता नाबालिग बालिका मंदसौर से सकुशल दस्तयाब, ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़वारा पुलिस को मिली सफलता, परिजनों को सौंपकर लौटाई परिवार की मुस्कान

Oplus_16908288

कटनी। ऑपरेशन मुस्कान के तहत कटनी जिले की बड़वारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ढाई वर्षों से लापता नाबालिग बालिका को मंदसौर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय से बेटी की तलाश कर रहे परिजनों ने उसकी सकुशल वापसी पर राहत की सांस ली। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए विशेष अभियान ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने लंबित मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
फरवरी 2024 से लापता थी बालिका
पुलिस के अनुसार, 10 फरवरी 2024 को बालिका के परिजनों ने थाना बड़वारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 71/24 के तहत धारा 363 भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। बालिका की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई और लगातार संभावित स्थानों पर पतासाजी की जाती रही। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने तलाश का दायरा बढ़ाया। लगातार प्रयासों के बाद 20 नवंबर 2026 को बालिका को मंदसौर से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक मोनेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक आरिफ हुसैन, महिला आरक्षक रुपाली यादव एवं साइबर सेल के आरक्षक शुभम गौतम की विशेष भूमिका रही। ढाई वर्षों से बेटी की वापसी का इंतजार कर रहे परिवार के लिए पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी राहत लेकर आई। ऑपरेशन मुस्कान के तहत हुई इस सफलता ने एक बार फिर गुमशुदा बच्चों की तलाश में पुलिस के निरंतर प्रयासों को सामने रखा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *