जवारा विसर्जन, चल समारोह मार्ग और घाटों की व्यवस्थाओं में जुटा निगम प्रशासन, कृत्रिम विसर्जन कुंडों का निर्माण जोरों पर, व्यवस्थाएं समय पर करने निगमायुक्त के निर्देश
कटनी। नवरात्रि पर्व के समापन पर होने वाले जवारा विसर्जन, चल समारोह एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विसर्जन मार्गों से लेकर घाटों तक आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए संबंधित अमला जुटा हुआ है। निगम प्रशासन का प्रयास है कि पर्वों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के पूर्व पूर्ण कर ली जाएं।
उपायुक्त प्रियंका झारिया ने बताया कि जवारा विसर्जन मार्ग पर पहुंच मार्गों के गड्ढों की फिलिंग का कार्य कराया जा चुका है। प्रतिमा विसर्जन के चिन्हित घाटों पर नियमानुसार कृत्रिम विसर्जन कुंडों का निर्माण प्राथमिकता से कराया जा रहा है। इसके अलावा मार्ग में आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त प्वाइंटों पर प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही मोहन घाट सहित नगर के अन्य विसर्जन स्थलों एवं घाटों के आसपास रोजाना विशेष सफाई अभियान चलाया जाकर घाट पहुंच मार्गों की सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कार्य निरंतर जारी है। निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करते हुए शेष कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए है, ताकि जवारा विसर्जन, चल समारोह एवं प्रतिमा विसर्जन व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण में संपन्न हो सकें।