छठ पूजन के लिए निगम प्रशासन ने की विशेष व्यवस्थाएं, पूजन घाटों एवं पहुंच मार्गों की विशेष साफ-सफाई के साथ प्रकाश और साज-सज्जा के कार्य पूर्ण, श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर निगम अमला मुस्तैद
कटनी। छठ पूजन पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता एवं सुगम आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न पूजन घाटों बाबा घाट, छपरवाह घाट मंगलनगर तथा बजरंग कॉलोनी घाट-एनकेजे, कटाये घाट, सहित नगर के अन्य पूजा स्थलों एवं घाटों पर पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूजन घाटों सहित वहां तक पहुंचने वाले मार्गों एवं घाटों की विशेष साफ-सफाई, घुमंतू मवेशियों पर नियंत्रण, अतिरिक्त प्रकाश, आकर्षक साज-सज्जा, पेयजल की उपलब्धता, एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय रहते पूर्ण कर लिया गया है। निगम प्रशासन द्वारा पर्व की महत्ता एवं श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी जाकर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामों को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि पूजन के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके। नगर निगम प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि पूजन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा पूजन सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट निर्धारित स्थानों पर ही डालें। जनसहयोग से पर्व को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने में सहभागी बनें।