कुठला पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, यातायात नियम तोड़ने वाले दर्जनों वाहन चालकों पर की कार्रवाई

कुठला पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, यातायात नियम तोड़ने वाले दर्जनों वाहन चालकों पर की कार्रवाई

कटनी। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से थाना कुठला पुलिस ने गुरुवार को इंदिरा नगर तिराहे पर विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहन चालकों के खिलाफ चलानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी अखलेश दहिया ने किया। पुलिस टीम ने इंदिरा नगर तिराहे सहित प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की गहन जांच की।
चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार वाहन चलाने, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कई वाहन चालकों से मौके पर जुर्माना भी वसूला गया। थाना प्रभारी अखलेश दहिया ने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रवैया अपनाएं। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस की इस कार्रवाई से यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई, वहीं जिम्मेदार नागरिकों ने अभियान की सराहना की।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

🌟भ्रष्टाचार पर प्रहार🌟 भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगता ही सीसी से छिन गए शहर के तीन प्रमुख थाने, प्रशिक्षु डीएसपी शिवा पाठक को सौंपी गई माधवनगर, रंगनाथ नगर एवं कुठला जिम्मेदारी, सिर्फ कोतवाली और महिला थाना बचा सीएसपी के बाद, एसपी का बड़ा कदम…