अकेला पाकर महिला के साथ किया दुष्कर्म, किसी को बताने पर जान से मारने के लिए धमकाया, दुष्कर्म के आरोपी को एनकेजे पुलिस ने जंगल से दबोचा, भेजा जेल
कटनी। जिले की एनकेजे पुलिस ने दुष्कर्म करने के बाद घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, महिला थाना कटनी से प्राप्त जीरो एफआईआर की डायरी का एन.के.जे. पुलिस ने अवलोकन किया। अभियोक्त्री के कथन एवं प्राप्त तथ्यों के आधार पर आरोपी रामसुजान कोल द्वारा महिला को अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करने तथा घटना के संबंध में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई। मामले में पुलिस ने आरोपी रामसुजान कोल के खिलाफ धारा 64(1) एवं 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। महिला संबंधी गंभीर अपराध को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में एन.के.जे. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
तलाश के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम सिमरा के जंगल में घेराबंदी कर आरोपी रामसुजान कोल को अभिरक्षा में लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कटनी के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामसुजान कोल (45), पिता सुमेरा कोल, निवासी ग्राम सिमरा, थाना एन.के.जे., जिला कटनी के रूप में हुई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रुपेन्द्र राजपूत, महिला थाना कटनी की म.उप निरीक्षक मेघा मिश्रा, सउनि सहपाल परतेती, सउनि केवल उईके, आरक्षक अर्पित पटैल, आरक्षक राजेश काछी, आरक्षक नरेन्द्र टेकाम एवं म.आरक्षक वंदना पथरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।