श्रमदान से अलोनी नदी में बनाया 50 बोरियों का बोरी बंधान, जल संरक्षण की पहल को मिला जनसहयोग, जल संचय अभियान के तहत ग्रामीणों ने किया श्रमदान

कटनी। जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की एक अच्छी मिसाल ग्राम खोहरी में देखने को मिली। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जल संचय अभियान के अंतर्गत ग्राम खोहरी की अलोनी नदी में श्रमदान के माध्यम से 50 बोरियों का बोरी बंधान तैयार किया गया। इस पहल का उद्देश्य वर्षा ऋतु के बाद नदी-नालों में बहकर व्यर्थ जाने वाले पानी को रोककर उसका संरक्षण करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर जल उपलब्धता बढ़ने के साथ आसपास के खेतों में सिंचाई और पशु-पक्षियों को पीने के लिए पानी मिल सके। विकासखंड कटनी के सेक्टर मझगवां फाटक अंतर्गत नवांकुर संस्था दिव्या जन कल्याण समिति बोहता एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति खोहरी के सहयोग से यह कार्य किया गया। बोरी बंधान बनने से नदी में बहने वाले पानी को रोकने और भूजल स्तर बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जिलेभर में नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाताओं और छात्र-छात्राओं के सहयोग से जल संचय अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने और पानी बचाने के कार्यों में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इस श्रमदान कार्य में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र, ग्राम पंचायत मझगवां फाटक के सरपंच संतोष निषाद, नवांकुर संस्था बोहता जन कल्याण समिति के सेक्टर प्रभारी राजू यादव, अध्यक्ष बाबू श्याम कोल, प्रस्फुटन समिति खोहरी के अध्यक्ष शशिकांत पटेल, सचिव अजीत पटेल सहित समिति के सदस्यों और ग्रामवासियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *