शादी का झांसा देकर नाबालिग से किया दुष्कर्म, पुलिस करती रही तलाश हो गया फुर्र, लंबे समय से फरार आरोपी उमरिया से हुआ गिरफ्तार, ढीमरखेड़ा पुलिस ने की कार्रवाई
कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने उसे उमरिया जिले से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग ने थाना ढीमरखेड़ा पहुंचकर गांव के ही योगेन्द्र यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ गलत काम किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी योगेन्द्र यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 552/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 332(बी), 351(3) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल, 6 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
लगातार बदल रहा था ठिकाना
प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अपने निवास स्थान से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 नवंबर 2026 को आरोपी को उमरिया जिले से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी, सहायक उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, मनोज ठाकुर, आरक्षक पंकज सिंह, अजय धुर्वे एवं रंजीत सिंह की विशेष भूमिका रही।