अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तेवरी और स्लीमनाबाद में 2,067 क्विंटल से अधिक धान जब्त
कटनी। समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन शुरू होने से पहले ही जिले भर में अवैध धान भंडारण एवं विक्रय पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल और संबंधित अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को तेवरी और स्लीमनाबाद में कार्रवाई करते हुए कुल 2,067.32 क्विंटल धान जब्त की गई। तहसीलदार स्लीमनाबाद आकाशदीप नामदेव के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्राम तेवरी स्थित फर्म असाटी किराना स्टोर के गोदामों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान 195.32 क्विंटल धान भंडारित मिली। ई-अनुज्ञा पोर्टल से मिलान करने पर केवल 105.25 क्विंटल धान का वैध स्टॉक दर्ज पाया गया। स्टॉक में अंतर मिलने पर मौके पर ही 195.32 क्विंटल धान जब्त कर ली गई।
इसी तरह स्लीमनाबाद स्थित फर्म श्री हर्ष ट्रेडिंग कंपनी के तीन गोदामों की जांच में 1,872 क्विंटल धान भंडारित मिली। जबकि ई-अनुज्ञा पोर्टल पर फर्म के नाम 2,124 क्विंटल धान का स्टॉक दर्ज था। इस अंतर के मद्देनजर मौके पर उपलब्ध पूरी धान आगामी आदेश तक जब्त की गई। प्रकरणों की विस्तृत विवेचना के बाद कृषि उपज मंडी समिति, कटनी द्वारा नियमानुसार दांडिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में नायब तहसीलदार राजकुमार नामदेव, सहायक आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी तथा मंडी उपनिरीक्षक सुधीर त्रिपाठी एवं प्रशांत मौर्य उपस्थित रहे।इसके पहले कटनी-जबलपुर बायपास से करीब 300 क्विंटल और मोहास से लगभग 200 क्विंटल अवैध भंडारित धान जब्त की गई। इस पर दांडिक शुल्क भी वसूला गया है।