जनपद पंचायत कटनी में 25 नवंबर को होगी विकास कार्यों की गहन समीक्षा, जनकल्याणकारी योजनाओं में प्रगति लाने एवं गतिविधियों के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर होगा फोकस
कटनी। जिले में ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की प्रगति और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जमीनी स्तर पर समीक्षा करने के लिए पहली बार जनपद पंचायत स्तर पर व्यापक समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर की अध्यक्षता में जिले की सभी छह जनपद पंचायतों में निर्धारित कैलेंडर के अनुसार समीक्षा बैठकें आयोजित होंगी। इन बैठकों में विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों, वित्तीय प्रबंधन और लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद पंचायत कटनी में 25 नवंबर को समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इसी क्रम में 2 दिसंबर को ढीमरखेड़ा, 3 दिसंबर को बहोरीबंद, 9 दिसंबर को रीठी तथा 10 दिसंबर को विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत में बैठक होगी। सभी बैठकें संबंधित जनपद पंचायत के सभा कक्ष में प्रातः 11:30 बजे से आयोजित की जाएंगी।
नल-जल योजनाओं के हस्तांतरण से लेकर बिजली बिलों के भुगतान तक होगी समीक्षा
बैठकों के निर्धारित एजेंडे में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा निर्मित एवं प्रमाणित एकल ग्राम नल-जल योजनाओं को नियमानुसार ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किए जाने की स्थिति की समीक्षा प्रमुख रूप से शामिल है। साथ ही इन योजनाओं के विद्युत कनेक्शन, विद्युत देयकों के भुगतान तथा संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा आरएफआई पोर्टल, संबल पंजीयन और जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से स्वीकृत विद्यालयों के मेजर मरम्मत कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा होगी।
शिक्षा, पोषण और ग्रामीण आजीविका योजनाओं पर भी रहेगा फोकस
मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों को किए गए भुगतान तथा रसोइयों की ई-केवाईसी की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। वहीं विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के अंतर्गत सिपरी एवं युक्ति धारा पोर्टल पर कार्यों के चयन की प्रगति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत श्रमिक नियोजन, बजट,निष्क्रिय ग्राम पंचायतों की स्थिति, प्रगतिरत कार्यों तथा नवीन कार्यों की स्वीकृति जैसे महत्वपूर्ण विषय भी समीक्षा के केंद्र में रहेंगे।
ग्रामीण विकास की प्रमुख योजनाओं और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की होगी पड़ताल
बैठकों में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायत राज, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, वाटरशेड, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति भी देखी जाएगी। निर्धारित कैलेंडर के अनुसार संबंधित जनपदों में इन सभी विषयों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
सभी संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों को उपस्थिति के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने जिला पंचायत के समस्त शाखा प्रभारियों, संबंधित एसडीओ (पीएचई), जनपद शिक्षा केंद्र के विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों, सहायक यंत्रियों, उपयंत्रियों, सुपरवाइजर, पीसीओ, एडीईओ, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं स्वच्छ भारत मिशन के विकासखंड समन्वयकों तथा एनआरएलएम के ब्लॉक मैनेजरों को निर्धारित एजेंडे के अनुरूप अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा संबंधित जनपद पंचायतों की समस्त ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को भी नियत तिथि, समय और स्थान पर आवश्यक जानकारी एवं अभिलेखों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद स्तर पर बैठक लेने के उद्देश्य
जनपद स्तर पर पहली बार आयोजित हो रही इन व्यापक समीक्षा बैठकों को ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने, विभागीय समन्वय मजबूत करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही तय करने के साथ ग्राम पंचायत स्तर तक आ रही समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई का मार्ग प्रशस्त होगा।