सत्ता नहीं, सेवा का संकल्प, प्रेमनगर की जनता को महापौर की सौगात, 32.92 लाख रुपये की लागत से संवरेगी ड्रेनेज व्यवस्था, बस्तीवासियों के बीच बैठकर महापौर ने की चर्चा

कटनी। शहर के वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और नागरिकों को रोजमर्रा की समस्याओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी द्वारा विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में श्रीराम जानकी हनुमान वार्ड के प्रेमनगर क्षेत्र में 32.92 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सी.सी. नाली निर्माण कार्य का महापौर ने मातृशक्तियों के साथ विधिवत भूमिपूजन कर कार्य की शुरुआत की। इस निर्माण कार्य से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी तथा लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे रहवासियों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, पूर्व पार्षद रचना गुप्ता, आफताब चौखे भाई, डब्बू रजक, मनोज गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। प्रेमनगर क्षेत्र में श्री सोहन चौधरी के घर के पीछे निर्मित होने वाली सी.सी. नाली क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वर्तमान में उचित निकासी व्यवस्था के अभाव में बारिश एवं घरों से निकलने वाला पानी गलियों में जमा होने से रहवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। नाली निर्माण पूर्ण होने के उपरांत जल निकासी सुचारु होगी, जिससे स्वच्छता एवं आवागमन की व्यवस्था बेहतर बनेगी।
अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही प्राथमिकता: महापौर
महापौर श्रीमती सूरी ने कार्यक्रम में स्पष्ट संदेश दिया कि शहर का वास्तविक विकास तभी सार्थक है, जब बुनियादी सुविधाओं का लाभ बस्ती के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने मातृशक्तियों का सम्मान करते हुए कहा कि स्वच्छ और जलभराव मुक्त वातावरण हर नागरिक का अधिकार है। महापौर ने मौके पर ही अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को दो-टूक निर्देश दिए कि 32.92 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सी.सी. नाली की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और कार्य तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि आगामी बारिश से पहले रहवासियों को इस समस्या से स्थायी निजात मिल सके।
बस्तीवासियों के बीच महापौर ने सुनीं जनहित की बातें
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान महापौर ने प्रेमनगर बस्ती के रहवासियों के बीच मातृशक्तियों का सम्मान कर उनसे आत्मीय संवाद किया। नागरिकों द्वारा पानी एवं अन्य स्थानीय विषयों से संबंधित जानकारी साझा किए जाने पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर ने आश्वस्त किया कि शहर के किसी भी वार्ड को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और जनहित से जुड़े विकास कार्य आगे भी इसी गति से निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में वार्डवासियों ने महापौर का स्वागत कर विकास कार्य के प्रति खुशी जाहिर की।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *