कटाएघाट मेला परिसर में चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच शुरू हुआ सामूहिक विवाह, आयोजन को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाने अधिकारी मौके पर मौजूद

कटनी। देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह कटाएघाट मेला परिसर में सुव्यवस्थित एवं गरिमामय वातावरण के बीच शीघ्र ही प्रारंभ होने वाला है। शुक्रवार प्रातः से ही वर-वधु एवं उनके परिजनों का आयोजन स्थल पर पहुंचना प्रारंभ हो गया, जिसके फलस्वरूप अब तक 24 जोड़ों के पंजीयन एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई है। समारोह में शामिल होने वाले वर-वधु एवं उनके परिजनों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए आयोजन स्थल पर पंजीयन काउंटर, समुचित बैठक व्यवस्था, वर-वधु के लिए पृथक चेंजिंग रूम, पेयजल सुविधा एवं हेल्प काउंटर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। विवाह संस्कार गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराए जाएंगे।
अधिकारी मौके पर मौजूद
आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने हेतु नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता एवं सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक श्री अनुराग मोदी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आयोजन स्थल पर मौजूद हैं। निगमायुक्त सुश्री परिहार ने पंजीयन काउंटर का निरीक्षण कर पंजीयन प्रक्रिया को सुचारू रखने तथा विवाह संस्कार संपन्न होने के उपरांत नवयुगलों को विवाह प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल पर आगंतुकों की सुविधा, व्यवस्थाओं के बेहतर समन्वय एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अमला सक्रियता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि नवयुगलों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और जीवन के इस महत्वपूर्ण अवसर पर सभी जोड़ों को आत्मीयता, सम्मान एवं उत्साहपूर्ण वातावरण मिले तथा समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हो।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *