बेटियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, 1.25 करोड़ से बनेगा के.सी.एस. स्कूल का नया भवन, महापौर प्रीति सूरी ने छात्राओं के हाथों कराया भूमिपूजन, 8 कक्षों के साथ बनेगा खेल मैदान और शौचालय
कटनी। शहर की बेटियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड स्थित के.सी.एस. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन भवन का मंगलवार को भूमिपूजन किया गया। खास बात यह रही कि महापौर ने परंपरागत तरीके से स्वयं भूमिपूजन करने के बजाय विद्यालय की छात्राओं को आगे रखकर उनके हाथों विकास कार्य की आधारशिला रखवाई। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से संपन्न इस कार्यक्रम ने बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य का प्रेरणादायी संदेश दिया।
8 नए कक्षों के साथ विकसित होगा खेल मैदान
विद्यालय के पुराने एवं जर्जर भवन के हिस्से को हटाने के बाद अब यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन भवन का निर्माण कराया जाएगा। लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन में 8 कक्षों के साथ आवश्यक शौचालय सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके अलावा विद्यालय परिसर के शेष हिस्से में विद्यार्थियों के खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए खेल मैदान तैयार किया जाएगा। नए भवन के निर्माण से छात्राओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
जिस विद्यालय में पढ़ीं, उसी के विकास में योगदान देना सौभाग्य : महापौर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति सूरी ने अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि उन्होंने भी इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़ने का सफर तय किया है। आज उसी विद्यालय के विकास और नए भवन के निर्माण में योगदान देना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि आज हम केवल एक विद्यालय भवन की नींव नहीं रख रहे हैं, बल्कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य, उनके सपनों और आत्मविश्वास की नींव रख रहे हैं। उनका संकल्प है कि छात्राओं को आधुनिक कक्षाएं, स्वच्छ शौचालय और खेलकूद के लिए बेहतर मैदान उपलब्ध हों, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा दिखा सकें। महापौर ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, सेवा, दया और अनुशासन के मूल्यों को आत्मसात करें तथा अपने सपनों को साकार कर विद्यालय, परिवार और शहर का नाम रोशन करें।
महापौर के कार्यकाल में विद्यालय को मिली विकास कार्यों की सौगात
विद्यालय की प्राचार्य रूप भास्कर एवं उपप्राचार्य रिजवान खान ने महापौर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में विद्यालय को लगातार विकास कार्यों की सौगात मिली है। नवीन भवन का निर्माण विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगा। इससे शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा और छात्राओं को बेहतर वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से महापौर के प्रयासों से प्रेरणा लेकर पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया।
ये रहे उपस्थित
भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद विजय (डब्बू) रजक, सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी सहित विद्यालय की प्राचार्य रूप भास्कर, उपप्राचार्य रिजवान खान, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। नए भवन के निर्माण की यह पहल न केवल विद्यालय की अधोसंरचना को मजबूती देगी, बल्कि बेटियों को बेहतर शिक्षा और अपने सपनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अवसर भी प्रदान करेगी।