धारदार बका लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, बड़वारा पुलिस की अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई, चारों आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
कटनी। जिले में असामाजिक तत्वों और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने अलग-अलग चार स्थानों पर कार्रवाई करते हुए धारदार लोहे का बका लहराकर आमजन को डराने-धमकाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार बरामद कर उनके विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
चार स्थानों पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई 16 नवंबर को बड़वारा बस स्टैंड के पास की गई। यहां धारदार बका लहराकर लोगों को भयभीत कर रहे गुड्डू विश्वकर्मा (35 वर्ष), निवासी ग्राम बरछेका को पुलिस ने पकड़ा।
इसी दिन दूसरी कार्रवाई पठरा बस स्टैंड के पास की गई, जहां रामजी पटेल (34 वर्ष), निवासी ग्राम बरछेका को धारदार बका लहराकर लोगों को डराते हुए पकड़ा गया। वहीं, 17 नवंबर को पौंड़ी रोड पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कान्हा सिंह (27 वर्ष), निवासी ग्राम टिकरिया को गिरफ्तार किया। इसी दिन ग्राम पठरा स्थित बर्मन ढाबा के पीछे से देवेन्द्र सिंह (25 वर्ष), निवासी ग्राम ठिठवारा, थाना कुठला को धारदार बका लहराकर लोगों में भय पैदा करने के आरोप में पकड़ा गया।
चारों आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
बड़वारा पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बड़वारा उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक पवनराज, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी एवं आरक्षक गौरीशंकर राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।