जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं की त्रैमासिक समीक्षा बैठक संपन्न, जल संचय अभियान के तहत जनभागीदारी से 200 बोरी बंधान बनाने का लक्ष्य निर्धारित
कटनी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन) द्वारा संवाद योजना अंतर्गत कटनी जिले की समस्त नवांकुर संस्थाओं की त्रैमासिक समीक्षा बैठक का आयोजन जिला पंचायत सभागार में किया गया। बैठक में परिषद के राज्य सलाहकार शिवनारायण पटेल, जबलपुर संभाग समन्वयक रवि बर्मन, आनंद विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कांबले तथा ग्रामीण आजीविका मिशन के सहायक प्रबंधक श्री अजय पांडेय की विशेष उपस्थिति रही। बैठक का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
बैठक में ग्रामीण आजीविका मिशन के सहायक प्रबंधक अजय पांडेय ने विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन में जनभागीदारी की भूमिका पर प्रकाश डाला।
जल संचय अभियान के तहत 200 बोरी बंधान बनाने का लक्ष्य
जिला समन्वयक डॉ. तेजसिंह केशवाल ने नवांकुर संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रस्फुटन समितियों के सक्रियकरण, समस्याओं के समाधान, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, नवांकुर सखी, आदर्श ग्रामों में संस्कार केंद्रों का संचालन, नर्सरी निर्माण, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति अभियान जैसी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संस्थाओं को गतिविधियों के प्रतिवेदन तैयार करने, एमआईएस पोर्टल पर नियमित रूप से जानकारी अपलोड करने तथा उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर जमा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परिषद द्वारा 15 नवंबर से 30 दिसंबर तक संचालित जल संचय अभियान के अंतर्गत सेक्टरवार एवं ग्रामवार कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान में जनभागीदारी के माध्यम से निर्धारित मापदंडों के अनुरूप जिले में 200 जल संरचनाओं (बोरी बंधानों) के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी नवांकुर संस्थाओं से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
ग्राम विकास की गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की चयनित प्रयोगशाला ग्रामों में संचालित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। डॉ. केशवाल ने कहा कि ग्राम विकास, सामाजिक जागरूकता और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में सभी संबंधित संस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
विकासखंड समन्वयक श्री बालमुकुंद मिश्रा ने नवांकुर संस्थाओं द्वारा संचालित संस्कार केंद्रों में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में मूलभूत प्रशिक्षण प्रदान किया।
नवाचार के साथ सक्रियता से कार्य करने के निर्देश
संभाग समन्वयक रवि बर्मन ने परिषद के माध्यम से संचालित योजनाओं, गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सक्रियता से कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने सेक्टर स्तर एवं प्रस्फुटन ग्रामों में नवांकुर संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार के संबंध में मार्गदर्शन दिया। परिषद के राज्य सलाहकार शिवनारायण पटेल ने नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों के समन्वय से संचालित कार्यक्रमों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संस्थाओं को ग्राम एवं सेक्टर स्तर पर नवाचार करते हुए सामाजिक जागरूकता तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया।
आनंद विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कांबले ने विभिन्न गतिविधियों के संचालन में उत्साह एवं सक्रियता बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कम रुचि वाली गतिविधियों को भी प्रेरणादायक तरीके से संचालित करने तथा समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण के लिए अनुकरणीय सुझाव दिए। बैठक में जिले के सभी विकासखंडों के विकासखंड समन्वयक एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में ग्राम विकास, जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी आधारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प लिया गया।