गोपाष्टमी पर गौमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, गौ भंडारे के साथ भक्तों ने की गौसेवा, कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी ने किया आयोजन
कटनी। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मंगलवार को शहर में गौमाता की पूजा-अर्चना एवं सेवा के साथ धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी (रजि.) के तत्वावधान में जुरही स्थित दयोदय जैन गौशाला में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संस्था के सदस्यों ने शामिल होकर गौमाता की पूजा-अर्चना की और गौसेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती पुष्पा ठाकुर, श्रीमती रश्मि अग्रवाल, श्रीमती माही तिवारी एवं श्रीमती श्रुति चौदहा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ गौमाता को स्नान कराकर, तिलक लगाकर एवं पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विधि-विधान से पूजन एवं आरती की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती कर गौमाता की परिक्रमा की और सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान गौग्रास अर्पित करने की परंपरा भी श्रद्धापूर्वक निभाई गई। संस्था के सदस्य अपने-अपने घरों से रोटी, गुड़, चना, चूनी, चोकर, खली एवं हरी पत्तेदार सब्जियां लेकर पहुंचे और गौवंश को अपने हाथों से भोजन कराया। इसके साथ ही गौ भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। संस्था की महिला विंग अध्यक्ष मंजू शर्मा ने गोपाष्टमी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के गौ-चारण प्रारंभ करने की स्मृति से जुड़ा है। वहीं संस्था के सचिव ने कहा कि गौसेवा ही सच्ची सेवा है। संस्था अध्यक्ष टीनू सचदेवा ने कहा कि संस्था भविष्य में भी गौसेवा, रक्तदान और जनसेवा के कार्यों को इसी समर्पण भाव से निरंतर जारी रखेगी।
कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों ने गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। साथ ही संस्था द्वारा रक्तदान और गौसेवा के क्षेत्र में निरंतर सेवा कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया गया। अंत में राज सोनी ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गौसेवा के माध्यम से समाज में करुणा, संवेदना, सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।