शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरलोडिंग पर यातायात पुलिस की सख्ती, 3 वाहन जब्त, 16 चालकों पर की चालानी कार्रवाई

कटनी। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कटनी यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 16 नवंबर को चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरलोडिंग के मामलों में वाहनों को जब्त किया गया, जबकि विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 16 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। बिलहरी नाका सहित शहर के विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों पर यातायात पुलिस की टीम ने वाहनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले तीन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर उनके वाहन जब्त किए गए। वहीं ओवरलोडिंग के मामले में धारा 113/194(1) के तहत कार्रवाई करते हुए एक अन्य वाहन भी जब्त किया गया।
इन स्थानों पर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
शहर के चांडक चौक, मिशन चौक, आजाद चौक, गर्ग चौराहा एवं राष्ट्रीय तिलक कॉलेज के आसपास रॉन्ग साइड से वाहन चलाने, सड़क पर बेतरतीब पार्किंग करने और सार्वजनिक मार्गों पर लोडिंग-अनलोडिंग कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विभिन्न अनियमितताओं पर कुल 16 चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस की टीम रही सक्रिय
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह, उप निरीक्षक शशिभूषण दुबे, उप निरीक्षक राजकुमार झारिया, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह सहित यातायात पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नियमों का पालन करने की अपील
कटनी यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, क्षमता से अधिक भार लेकर परिवहन न करें, रॉन्ग साइड से आवागमन करने से बचें तथा सार्वजनिक मार्गों पर बेतरतीब पार्किंग और अनावश्यक लोडिंग-अनलोडिंग न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़कें सभी नागरिकों की साझा सुविधा हैं। अपनी थोड़ी-सी सुविधा या जल्दबाजी के लिए दूसरों की राह बाधित करना दुर्घटनाओं और जाम का कारण बन सकता है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *