बरही अग्निकांड: छह जिंदगियां बुझने से गमगीन परिवार के बीच पहुंचे पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि, पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

कटनी। दीपावली की रात जिस घर में खुशियों के दीप जलने थे, वहां भीषण अग्निकांड ने ऐसा अंधेरा किया कि एक ही परिवार की छह जिंदगियां हमेशा के लिए बुझ गईं। दो माह के मासूम सहित परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत से बरही ही नहीं, बल्कि पूरा कटनी जिला शोक और पीड़ा में डूबा हुआ है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद अब भी पीड़ित परिवार के घर संवेदना जताने पहुंच रहे लोगों की आंखें नम हैं।
इसी क्रम में मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल बरही पहुंचे। उन्होंने अग्निकांड में जान गंवाने वाले पूरनलाल अग्रवाल सहित परिवार के सभी छह दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। अजय सिंह राहुल ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी भी ली। अपनों को खोने का असहनीय दर्द झेल रहे परिवार के बीच पहुंचकर उन्होंने दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं
गौरतलब है कि दीपावली की रात बरही में तीन मंजिला मकान और उसमें संचालित क्रॉकरी दुकान में भीषण आग लग गई थी। आग इतनी भयावह थी कि पूरनलाल अग्रवाल सहित परिवार के छह सदस्यों को अपनी जान गंवानी पड़ी। मृतकों में महज दो माह का मासूम बच्चा भी शामिल था। जिस परिवार के लिए दीपावली खुशियों का त्योहार लेकर आई थी, उसी रात एक भयावह हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया।
व्यवस्थाओं पर उठे थे गंभीर सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद बरही के नागरिकों में प्रशासनिक व्यवस्थाओं और आग बुझाने के इंतजामों को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला था। स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। घटना के विरोध में बरही का बाजार भी बंद रखा गया था। लोगों की मांग थी कि हादसे की गंभीरता से जांच हो और भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो, इसके लिए ठोस इंतजाम किए जाएं। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल का बरही पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलना और दिवंगतों को श्रद्धांजलि देना इस त्रासदी के प्रति राजनीतिक और सामाजिक संवेदना का प्रतीक बना। हालांकि, छह जिंदगियों के चले जाने से परिवार के जीवन में जो खालीपन आया है, उसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी। बरही के लोगों के मन में आज भी उस काली रात की यादें और अपनों को खोने वाले परिवार का दर्द ताजा है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *