मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास चाकू लेकर घूम रहे आदतन अपराधी को कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार, पहले से दर्ज है 10 पुराने आपराधिक मामले
कटनी। शहर में अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास धारदार बटनदार चाकू लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चाकू दिखाकर ऑटो चालकों को डरा-धमका रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुड़वारा रेलवे स्टेशन की पार्किंग के पास एक युवक चाकू दिखाकर लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक की पहचान सुमित जाटव उर्फ नाबालिग, पिता संतोष जाटव, उम्र 19 वर्ष, निवासी शहजाद बिल्डिंग के सामने, खिरहनी फाटक, कटनी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 1281/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध पूर्व से 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ अन्य प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, खिरहनी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक किशोर द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रामपाल बागरी, सुनील सिंह तथा आरक्षक चंद्रभान मौर्य और विकास राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।