शीतलहर के मद्देनजर रैन बसेरा की व्यवस्थाओं का निगमायुक्त के निर्देश पर राजस्व अधिकारी ने लिया जायजा, जरूरतमंदों को सुरक्षित एवं सुविधापूर्ण रात्रि विश्राम उपलब्ध कराने निगम प्रशासन सजग

कटनी। शीतलहर के दौरान शहर में कोई भी जरूरतमंद नागरिक खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर न हो, इसके लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा रैन बसेरा की व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने मंगलवार की रात्रि बस स्टैंड स्थित निगम द्वारा संचालित रैन बसेरा का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री पाठक ने रैन बसेरा में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, गर्म कपड़ों सहित रात्रि विश्राम के लिए उपलब्ध अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने वहां संधारित उपस्थिति रजिस्टर का परीक्षण कर केयरटेकर से रात्रि विश्राम करने वाले नागरिकों की संख्या एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि यहां पहुंचने वाले प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण में ठहरने की सुविधा मिल सके।
रैन बसेरा में ठहरे नागरिकों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान राजस्व अधिकारी श्री पाठक ने रैन बसेरा में रात्रि विश्राम कर रहे नागरिकों रेपुरा निवासी सुखराजू बर्मन एवं रमता पटेल से आत्मीय संवाद कर उनका परिचय प्राप्त किया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने ठहरे हुए नागरिकों से साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। नागरिकों द्वारा रैन बसेरा में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया गया कि उन्हें यहां रुकने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने जरूरतमंदों के लिए निगम प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस सुविधा की सराहना करते हुए आभार भी व्यक्त किया।
खुले आसमान के नीचे रात्रिगुजर से मिल रही राहत
उल्लेखनीय है कि शीतलहर का प्रभाव बढ़ने के साथ ही नगर निगम प्रशासन द्वारा जरूरतमंदों एवं बाहर से रोजगार की तलाश में आने वाले यात्रियों को सुरक्षित रात्रि आश्रय उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि शीतलहर के दौरान किसी भी जरूरतमंद को खुले आसमान के नीचे रात बिताने की विवशता न हो और प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आश्रय मिल सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *