यूपी के गांजा तस्कर को कोतवाली पुलिस ने कटनी में दबोचा, बैलट घाट क्षेत्र में गांजे की खेप के साथ पकड़ा गया तस्कर, 40 हजार का गांजा लिए भागने का कर रहा था प्रयास

कटनी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए 3 किलो 720 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजने के आदेश पर जिला जेल कटनी दाखिल कराया गया।
पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 नवंबर 2026 को उप निरीक्षक कुलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान बैलट घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर झाड़ियों के पास काली फुल टी-शर्ट पहने और नीले रंग का पिट्ठू बैग लिए एक युवक बैठा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को पास आता देख युवक भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
बैग में टेप से लिपटा मिला गांजे का बंडल
पूछताछ में युवक ने अपना नाम मो. रियाज, पिता सलामुद्दीन, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम महरे, थाना रामगांव, जिला बहराइच (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी गडरिया टोला, थाना सिविल लाइन, जिला सतना (मध्य प्रदेश) बताया। पुलिस ने उसके पिट्ठू बैग की विधिवत तलाशी ली तो उसमें खाकी रंग की सेलो टेप से लिपटा एक बंडल मिला। बंडल खोलने पर उसमें गांजा जैसा पदार्थ पाया गया। पुलिस के अनुसार, स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में परीक्षण और तौल करने पर पदार्थ गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 3.720 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य करीब 40 हजार रुपये आंका गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 1272/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजने के आदेश पर उसे जिला जेल कटनी में दाखिल कराया गया।
नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई जारी रहेगी
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत स्मैक, गांजा, नशीली गोलियों और अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करना और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना पुलिस की प्राथमिकता है। अभियान के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, उप निरीक्षक कुलदीप सिंह तथा आरक्षक नवल किशोर, पंजाब सिंह, कोमल शॉ, सौरभ तिवारी, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह और रोहित राठौर की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *