शराब के नशे में ओवरलोड डंपर चलाते पकड़ा गया चालक, बड़वारा पुलिस ने वाहन किया जब्त, ओवरलोड रेत मिलने पर भी की गई कार्रवाई
कटनी। बड़वारा पुलिस ने शराब के नशे में ओवरलोड डंपर चलाने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया। ब्रीथ एनालाइजर से जांच में चालक के शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, डंपर में निर्धारित क्षमता से अधिक रेत लोड पाए जाने पर ओवरलोडिंग के मामले में भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस ने 5 नवंबर को वाहन चेकिंग के दौरान डंपर क्रमांक MP17G 0874 को रोककर जांच की।
जांच में शराब सेवन की हुई पुष्टि
पुलिस के अनुसार, डंपर चालक जयपाल यादव (58), निवासी ग्राम बसाड़ी, थाना बड़वारा, जिला कटनी की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। जांच में उसके शराब का सेवन कर वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए डंपर जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया। प्रकरण के निराकरण के लिए इस्तगासा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
निर्धारित क्षमता से अधिक लोड थी रेत
पुलिस ने डंपर में लोड रेत का वजन भी कराया। जांच में वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक रेत लोड होना पाया गया। इस पर ओवरलोडिंग के संबंध में भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक रघुवीर सिंह, सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक नीलेश दुबे, प्रधान आरक्षक दानबहादुर सिंह परस्ते एवं प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र चढ़ार की विशेष भूमिका रही। बड़वारा पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरलोडिंग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।