धनतेरस और दीपावली पर कटनी पुलिस अलर्ट, बाजारों में बढ़ाई चौकसी, एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने की अपील
कटनी। धनतेरस एवं दीपावली पर्व को लेकर कटनी पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, सादे कपड़ों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती कर असामाजिक तत्वों और जेबकतरों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने जिलेवासियों को धनतेरस एवं दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है।
प्रदूषण रहित दीपावली मनाने का संदेश
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने नागरिकों से अपील की कि दीपावली की खुशियां मनाते समय पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखें। अत्यधिक ध्वनि और वायु प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों के इस्तेमाल से बचें तथा पटाखे जलाते समय बच्चों, बुजुर्गों और आसपास के लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। त्योहार के दौरान सावधानी बरतकर और पर्यावरण के अनुकूल तरीके अपनाकर दीपावली को खुशहाल बनाया जा सकता है।
बाजारों में पुलिस की विशेष निगरानी
दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। सभी थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने, बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। चीता मोबाइल और अन्य गश्ती टीमें भी लगातार सक्रिय रहेंगी।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से त्योहार के दौरान यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्क रहने का संदेश दिया। कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेगा, ताकि जिलेवासी सुरक्षित माहौल में हर्षोल्लास के साथ पर्व मना सकें।