सड़क पर धारदार बका लहराकर लोगों को डरा रहा था बदमाश, बड़वारा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, लोहे का धारदार हथियार बरामद
कटनी। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों और आम लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार बका बरामद कर उसके खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
सड़क पर हथियार लहराकर मचा रहा था दहशत
घटना 4 नवंबर 2026 की है। पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नन्हवारा सेझा के मुख्य गेट के सामने सड़क पर एक व्यक्ति लोहे का धारदार बका लहराकर राहगीरों और आम लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर बड़वारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की जांच की। इस दौरान एक युवक धारदार हथियार लहराते हुए मिला। पुलिस ने युवक को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम माजिद खान (24 वर्ष), पिता सद्दू खान, निवासी वार्ड क्रमांक 05, उदयपुरा, थाना उदयपुरा, जिला रायसेन बताया।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार बका बरामद किया। इसके बाद थाना बड़वारा में आरोपी के विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक पवनराज, प्रधान आरक्षक नीतेश डोंगरे एवं आरक्षक रवि कोरी की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।