बड़वारा पुलिस ने 13 वर्षीय अपहृत बालक को सकुशल खोजा, तीन दिन की लगातार तलाश के बाद मिली सफलता, सुरक्षित परिवार से मिलवाया
कटनी। कटनी जिले की बड़वारा पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृत 13 वर्षीय बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से परेशान परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में गुमशुदा और अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले में ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस ने बालक की तलाश के लिए विशेष प्रयास किए।
2 नवंबर को दर्ज हुई थी शिकायत
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को फरियादी ने थाना बड़वारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका 13 वर्षीय नाबालिग बालक किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले जाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 644/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से मिली सफलता
अपहृत बालक की शीघ्र तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार खोजबीन करते हुए तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और साइबर सेल की सहायता ली। पुलिस के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप 5 नवंबर 2026 को बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालक की सुरक्षित वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक महेश प्रताप सिंह, आरक्षक आशीष तिवारी और आरक्षक रवि कुमार कोरी की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।