75 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी एन के जे पुलिस की गिरफ्त में, भेजा गया जेल, पांच डिब्बों में रखी थी शराब
कटनी। जिले में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एनकेजे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 लीटर हाथ भट्टी से बनी महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसे न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एनकेजे उपनिरीक्षक रुपेन्द्र राजपूत ने पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
घटना 4 नवंबर 2026 की है। थाना एनकेजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ठरका टैंक के पास सिंघनपुरी हार में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना की तस्दीक करने पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संबंधित व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कल्लू लुनिया (48 वर्ष), पिता चूडामन, निवासी गुबराधरी, थाना एनकेजे, जिला कटनी बताया। शराब रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज व लाइसेंस मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
75 लीटर शराब जब्त, कीमत 15 हजार रुपये
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से पांच प्लास्टिक के डिब्बों में रखी कुल 75 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब जब्त की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश करने पर उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुपेन्द्र राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक केवल उईके, सहायक उपनिरीक्षक सहपाल परतेती, प्रधान आरक्षक अजय सिंह और आरक्षक रणविजय की अहम भूमिका रही।