बरही में पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण, कार्बाइड गन पर पूर्ण प्रतिबंध, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जांची सुरक्षा व्यवस्था, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कटनी। दीपावली के त्योहार को सुरक्षित एवं खुशहाल बनाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बरही नगर में पटाखा बिक्री स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पटाखा दुकानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं, अग्निशमन यंत्रों एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। साथ ही दुकानदारों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धार्वे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी बरही निरीक्षक श्री अरविंद कुमार चौबे एवं तहसीलदार बरही श्री आदित्य द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया।
सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पटाखा दुकानों में अग्निशमन यंत्रों एवं फायर फाइटिंग उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई। दुकानदारों को बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। इसके अलावा दुकानों में रेत, पानी एवं आग बुझाने के लिए आवश्यक सामग्री की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।
कार्बाइड गन और खतरनाक पटाखों पर सख्ती
पुलिस ने कार्बाइड गन तथा प्रतिबंधित एवं खतरनाक पटाखों के उपयोग और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध के संबंध में चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों को खतरनाक कार्बाइड गन से दूर रखने की अपील
कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पीवीसी या लोहे की पाइप से बनी खतरनाक कार्बाइड गन एवं प्रतिबंधित पटाखों से दूर रखें। दीपावली के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। पुलिस ने आमजन से यह भी अपील की है कि अवैध पटाखा भंडारण, बिक्री अथवा कार्बाइड गन बनाने एवं बेचने की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।