रक्त की कमी से जूझ रहा कटनी, बच्चों सहित गर्भवती महिलाओं को समय पर रक्त उपलब्ध कराने की अनूठी पहल, कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी ने शुरू किया पंजीयन अभियान
कटनी। जिले में रक्त की उपलब्धता को लेकर सामने आ रही चुनौतियों के बीच कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी ने आम नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदाता बनने की अपील की है। संस्था अध्यक्ष टीनू सचदेवा ने कहा है कि वर्तमान में रक्त की आवश्यकता के मुकाबले उपलब्धता कम होने से जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से थैलेसीमिया एवं सिकल सेल से पीड़ित बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती बन रहा है।
अध्यक्ष श्री सचदेवा ने कहा की संस्था का उद्देश्य जिले में स्वैच्छिक रक्तदाताओं का एक मजबूत नेटवर्क तैयार करना है, ताकि किसी भी मरीज को आवश्यकता पड़ने पर समय रहते रक्त उपलब्ध कराया जा सके। इसके लिए स्वस्थ एवं रक्तदान के योग्य नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदाता के रूप में अपना पंजीयन कराने का आग्रह किया गया है।
ऑनलाइन पंजीयन से जुड़ेगा रक्तदाताओं का नेटवर्क
कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों के अनुसार इच्छुक नागरिक संस्था द्वारा उपलब्ध कराए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके अथवा ऑनलाइन लिंक के माध्यम से अपना विवरण दर्ज करा सकते हैं। पंजीयन के बाद रक्तदाता का विवरण संस्था की सूची में शामिल किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित ब्लड ग्रुप के रक्तदाता से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया जाएगा।
एक यूनिट रक्त बचा सकता है किसी की जिंदगी
संस्था ने नागरिकों से अपील की है कि वे रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हुए इस अभियान में अपनी सहभागिता निभाएं। रक्तदान के लिए दिया गया थोड़ा सा समय किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी राहत बन सकता है। साथ ही नागरिकों से इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया गया है, ताकि कटनी में स्वैच्छिक रक्तदाताओं का व्यापक समूह तैयार हो सके और रक्त की आवश्यकता के समय मरीजों को भटकना न पड़े।