कटनी में भरौली की दो पटाखा दुकानों में मिले एक्सपायरी डेट के पटाखे, पटाखा बाजार पर पुलिस एवं प्रशासन की कड़ी नजर, एक्सपायरी डेट के 18 किलो पटाखे जब्त, सुरक्षा मानकों की भी हुई जांच

कटनी। दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और कटनी पुलिस की संयुक्त टीम ने पटाखा बाजार भरौली एवं धपई का निरीक्षण किया। इस दौरान भरौली स्थित दो दुकानों पर एक्सपायरी डेट की आतिशबाजी सामग्री मिलने पर करीब 18 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल मौर्य के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अनिमेश द्विवेदी के नेतृत्व में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया।
दो दुकानों में मिली एक्सपायरी डेट की आतिशबाजी
निरीक्षण के दौरान पटाखा बाजार भरौली स्थित विकास ट्रेडर्स एवं सुशील ट्रेडर्स की दुकानों पर एक्सपायरी डेट की आतिशबाजी सामग्री पाई गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों दुकानों से लगभग 18 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 50 हजार रुपये बताया गया है।
लाइसेंस से लेकर अग्नि सुरक्षा तक की जांच
संयुक्त टीम ने पटाखा बाजार की दुकानों में स्थायी एवं अस्थायी आतिशबाजी विक्रय के लाइसेंस, उनकी वैधता, नवीनीकरण तथा निर्धारित शर्तों के पालन की जांच की। इसके साथ ही दुकानों के बीच निर्धारित दूरी, सार्वजनिक एवं रहवासी क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी और अग्निशमन व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। दुकानदारों को पर्याप्त अग्निशमन यंत्र, पानी, रेत, मिट्टी सहित अन्य जरूरी सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। दुकानों के आसपास निर्धारित सुरक्षा परिधि में पटाखों के प्रदर्शन एवं परीक्षण पर रोक का पालन करने और दुकानों से सुरक्षित दूरी पर वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
कार्बाइड गन सहित खतरनाक उपकरणों पर प्रतिबंध
जिला प्रशासन द्वारा दीपावली के दौरान लोक शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार प्रतिबंधित पटाखों, आतिशबाजी, कैल्शियम कार्बाइड गन तथा गैस से धमाका करने वाले अन्य खतरनाक उपकरणों के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय एवं वितरण पर प्रतिबंध लगाया गया है।
सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील
कटनी पुलिस एवं जिला प्रशासन ने नागरिकों और पटाखा व्यापारियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाएं, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करें, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना और दुर्घटना से बचा जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *