प्रदेश में माफिया राज और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कटनी। मध्यप्रदेश में बढ़ते माफिया राज, बिगड़ती कानून व्यवस्था और पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में कानून व्यवस्था सुधारने और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर के अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में शराब, रेत एवं खनिज माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। माफियाओं के बढ़ते प्रभाव के कारण आम नागरिकों के साथ पुलिस अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने हाल ही में खातौंगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की ट्रक से कुचलकर हुई हत्या का उल्लेख करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
पुलिस अधिकारी सुरक्षित नहीं, आम जनता की सुरक्षा पर सवाल
एड. अमित शुक्ला ने कहा कि जब कर्तव्य का निर्वहन करने वाले पुलिस अधिकारी ही माफियाओं के हमलों का शिकार हो रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता जा रहा है और प्रदेश में माफिया तंत्र का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में माफियाओं का आतंक और कानून व्यवस्था की बदहाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस की मांग है कि माफियाओं के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाए। कानून का राज स्थापित करने के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
ज्ञापन में उठाईं प्रमुख मांगें
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के मामले में सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, प्रदेश में सक्रिय माफियाओं के अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने तथा माफियाओं को संरक्षण देने वालों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कटनी जिले में संचालित अवैध गतिविधियों तथा माफिया तंत्र पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की मांग भी उठाई गई। जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर ने शासन-प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ठोस कदम उठाने का आग्रह किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
ये रहे उपस्थित
विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला के साथ प्रेम बत्रा, राजा जगवानी, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, श्याम पाहुजा, आफताब अहमद, विजय मंगल चौधरी, अहमद कुरैशी, राहुल होतवानी, नारायण निषाद, राजकुमार विश्वकर्मा, रमेश अहिरवार, कपिल पटेल, अंशु गुप्ता, ऋषभ पटेल, लक्ष्मी यादव, इकलाख अहमद एवं हर्षित मिश्रा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *