केंद्र के समान 63% महंगाई भत्ता देने सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर लघु वेतन कर्मचारी संघ ने सौंपा ज्ञापन

कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ, जिला शाखा कटनी द्वारा कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों के निराकरण को लेकर 4 नवंबर को मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, मध्य प्रदेश शासन, भोपाल के नाम 11 सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार आशीष चतुर्वेदी के माध्यम से सौंपा गया। संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि ज्ञापन में प्रदेश के विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों, दैनिक वेतनभोगी, स्थायी कर्मियों, अंशकालीन कर्मचारियों, रसोइया बहनों तथा आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है।
संघ की प्रमुख मांगें
संघ ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का ग्रेड पे 1800 रुपये निर्धारित करने तथा मध्य प्रदेश शासन के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की मांग की है। इसके साथ ही स्थायी कर्मियों को सातवें वेतनमान का लाभ देने और मृत स्थायी कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने की मांग भी शामिल है।
ज्ञापन में सभी विभागों में कार्यरत अंशकालीन कर्मचारियों को न्यूनतम 25 हजार रुपये मासिक वेतन देने, रसोइया बहनों एवं स्व-सहायता समूहों को तीन माह के लंबित मानदेय का भुगतान दीपावली से पूर्व करने तथा कर्मचारी स्वास्थ्य बीमा योजना शीघ्र लागू करने की मांग उठाई गई है। इसके अलावा आउटसोर्स कर्मचारियों को श्रम विभाग द्वारा निर्धारित सभी लाभ प्रदान करने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान दीपावली बोनस देने तथा वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग की गई है। संघ ने कटनी जिले के सभी विभागों में विभागीय परामर्शदात्री बैठकें एवं जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री बैठक आयोजित करने की मांग भी रखी है।
कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण की मांग
संघ पदाधिकारियों ने शासन से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र उचित निर्णय लेने का आग्रह किया, ताकि विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों को आर्थिक राहत एवं नियमानुसार सुविधाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर संघ के उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम सहित सौरभ सिंह, राकेश जसूजा, हरीश बेन, नीलेश पौराणिक, भागीरथ तिवारी, बाबूलाल अहिरवार, रामवतार, अजीमुद्दीन शाह, विश्वकर्मा, दीपक चंदवानी, बालकदास, नरेश राठौर, रत्ना ठाकुर, जमुना महतो, अर्चना सेन, खुशबू, ललिता चौधरी, राकेश पांडेय, रामलोचन यादव, राघवेंद्र श्रीवास्तव, दयाशंकर साकेत, बबलू चौधरी, ऊषा, ज्योति, साधना, गिरिजा बाई, दुर्गेस, विमला, रेनू रजक, सुधा, रामसखी, बबीता, इन्द्रा, शोभा, ममता, रजनी, रागिनी, सपना, दुर्गा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।