कटनी में धूमधाम से मनाया जा रहा मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कटनी। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर कटनी के बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं की झलक देखने को मिल रही है।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं मध्यप्रदेश गान के गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं। इस अवसर पर मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर प्रीति सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, निगमायुक्त तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा पर्यावरणविद् निर्भय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, गौरव और विकास की यात्रा को उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने आयोजन में सहभागिता कर स्थापना दिवस की गरिमा बढ़ाई।