कटनी में आज निकलेगा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन, तीन स्थानों से होगा शुभारंभ
कटनी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, कटनी नगर के स्वयंसेवकों द्वारा आज 1 नवंबर, रविवार को दोपहर 3 बजे पथ संचलन निकाला जाएगा। इसके लिए नगर में तीन अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं, जहां से पथ संचलन एक साथ प्रारंभ होगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पथ संचलन का शुभारंभ सत्य ज्योति मैरिज गार्डन, कटनी नदी पार स्थित रविदास तिराहा, निर्मल सत्य गार्डन, कटाए घाट मोड़ तथा लाल ग्राउंड, प्लेटफॉर्म नंबर 5 के पीछे से होगा। आयोजकों ने गणवेशधारी स्वयंसेवकों से पथ संचलन में शामिल होकर सहभागिता निभाने का आग्रह किया है। जिन स्वयंसेवकों के पास गणवेश उपलब्ध नहीं है, उनके लिए संघ कार्यालय में गणवेश की व्यवस्था की गई है। साथ ही अन्य संपर्क के बंधुओं को भी कार्यक्रम की सूचना देने की अपील की गई है।
पथ संचलन के बाद होगा बौद्धिक कार्यक्रम
पथ संचलन के समापन के बाद फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्वयंसेवक अपने परिवार एवं मातृशक्ति के साथ भी शामिल हो सकते हैं। आयोजकों ने सभी संबंधित स्वयंसेवकों एवं परिवारजनों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर सहभागिता करने का आग्रह किया है।