एनकेजे थाने पहुंचकर विद्यार्थियों ने जानी पुलिस की कार्यप्रणाली, एफआईआर से लेकर डायल 112 तक की समझी प्रक्रिया, कानून एवं नागरिक सुरक्षा के प्रति हुए जागरूक
कटनी। विद्यार्थियों को कानून, पुलिस प्रशासन और नागरिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी के विद्यार्थियों ने ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ के अंतर्गत एनकेजे थाने का भ्रमण किया। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं यूथ रेडक्रॉस से जुड़े विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से जाना और कानूनी प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्यप्रदेश पुलिस विभाग की सामुदायिक पुलिसिंग पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पुलिस प्रशासन की कार्यशैली, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा आपातकालीन सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
एफआईआर दर्ज कराने और पुलिस सहायता की प्रक्रिया समझी
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूपेंद्र राजपूत ने विद्यार्थियों को प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने, शिकायत लिखने तथा पुलिस से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में डायल 112 सेवा के माध्यम से पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीके भी बताए। विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझते हुए नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका को जाना।
व्यावहारिक जानकारी से बढ़ी कानूनी जागरूकता
पुलिस थाने के भ्रमण से विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़कर समझने का अवसर मिला। इस पहल के माध्यम से युवाओं में कानूनी जागरूकता, नागरिक जिम्मेदारी और जनसुरक्षा के प्रति सजगता विकसित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेयी के निर्देशन में किया गया। इस दौरान डॉ. माधुरी गर्ग, डॉ. सरदार दिवाकर एवं डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. सरदार दिवाकर ने पुलिस अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, डॉ. संगीता बसरानी, डॉ. अतुल कुमार, सागर पटेल, अंकित गोस्वामी सहित महाविद्यालय के एनएसएस, एनसीसी एवं खेल गतिविधियों से जुड़े बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस पहल ने युवाओं को कानून की जानकारी प्राप्त करने, पुलिस से संवाद स्थापित करने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।