भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष चमन लाल आनंद के ठिकानों पर इनकमटैक्स की रेड, एक साथ कई ठिकानों पर दबिश, बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की आशंका

कटनी। कटनी शहर के माधव नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आयकर विभाग की टीमों ने भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष चमन लाल आनंद के ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ दबिश दी। शहर के जाने-माने लकड़ी टाल संचालक और स्थानीय राजनीति में सक्रिय पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चमनलाल आनंद एवं सतीश आनंद के ठिकानों पर आयकर विभाग की रेड के कारण राजनैतिक गलियारे में खलबली मच गई। रेड कार्यवाही में शामिल अधिकारियों के द्वारा पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष के द्वारा बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी किए जाने की आशंका जताई गई है।
कई ठिकानों में दबिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इनकम टैक्स विभाग के दो दर्जन से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों का काफिला सुबह-सुबह अचानक आनंद बंधुओं के ठिकानों पर पहुंचा। अधिकारियों ने माधव नगर स्थित उनके दोनों लकड़ी टाल और आवास को पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया है। एक साथ कई ठिकानों पर हुई इस अचानक कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और इलाके में सनसनी फैल गई।
टैक्स चोरी से जुड़ा है मामला
प्रारंभिक सूचना के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और अघोषित आय से जुड़ी बताई जा रही है। आयकर विभाग की टीमें टाल और घर के अंदर रखे वित्तीय दस्तावेजों, बही-खातों, कंप्यूटर डेटा और बैंक लेन-देन की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही हैं। मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि जांच में किसी तरह की बाधा न आए।
राजनीतिक और व्यापारिक गलियारों में हलचल
खास बात यह है कि चमनलाल आनंद और सतीश आनंद कटनी की स्थानीय राजनीति में भी काफी सक्रिय माने जाते हैं। जैसे ही शहर में इन दोनों प्रतिष्ठित कारोबारियों के यहां आईटी रेड की खबर फैली, राजनीतिक और व्यापारिक जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। कई व्यापारी और राजनीतिक लोग भी स्थिति का जायजा लेने के लिए सुगबुगाहट करते नजर आए। फिलहाल आयकर विभाग की यह मैराथन कार्रवाई जारी है। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स चोरी की सही रकम और अन्य बड़े खुलासे सामने आने की उम्मीद है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *