एनओसी के बदले मांगी 25 हजार की रिश्वत, 20 हजार लेते नगर निगम का लिपिक रंगे हाथ गिरफ्तार

कटनी। ट्रांसपोर्ट नगर में निर्माण कार्य के लिए बैंक लोन की एनओसी जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने वाले नगर निगम के लिपिक को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शुक्रवार को 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के रूप में हुई है। लोकायुक्त टीम आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
बैंक लोन के लिए मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने को ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में प्लॉट नंबर 137 आवंटित है। प्लॉट पर निर्माण कार्य कराने के लिए उन्होंने बैंक से ऋण लेने के लिए आवेदन किया था। बैंक प्रबंधन ने ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया के तहत नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगा था। एनओसी जारी कराने के लिए अशोक कनकने नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के पास पहुंचे थे।
शिकायत के बाद लोकायुक्त ने बिछाया जाल
आरोप है कि एनओसी जारी करने के बदले लिपिक ने ट्रांसपोर्टर से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले का सत्यापन कराया गया। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई।
20 हजार रुपये लेते ही पकड़ा
शुक्रवार को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। शिकायतकर्ता अशोक कनकने ने जैसे ही आरोपी लिपिक को 20 हजार रुपये दिए, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद नगर निगम में रिश्वतखोरी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोकायुक्त टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *