परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकली नाबालिग बालिका देवास में मिली, विजयराघवगढ़ पुलिस ने सकुशल परिजनों को सौंपा
कटनी। विजयराघवगढ़ पुलिस ने घर से बिना बताए चली गई 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को देवास से सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार, बालिका परिजनों की डांट से व्यथित होकर घर से चली गई थी। मामले में पुलिस ने तत्परता से तलाश अभियान चलाया और बालिका को सुरक्षित खोज निकाला।
गुमशुदगी की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ था मामला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना विजयराघवगढ़ क्षेत्र में नाबालिग बालिका के बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। बालिका की तलाश के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद बालिका को देवास में सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बालिका की तलाश के लिए पुलिस टीम को जिम्मेदारी सौंपी थी।
इनकी रही अहम भूमिका
बालिका की दस्तयाबी में निरीक्षक अभिषेक चौबे, उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह सेंगर, सहायक उप निरीक्षक जगदीश पांडे, आरक्षक अंजनी झा, महिला आरक्षक जयंती तथा साइबर टीम के आरक्षक अमित की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की तत्परता से नाबालिग बालिका को सकुशल खोजकर परिजनों तक पहुंचाया गया।