शराब के नशे में सवारियों से भरी बस चला रहा था चालक, बड़वारा पुलिस ने की बस जब्त, यात्रियों को सुरक्षित उतारकर की गई वैकल्पिक व्यवस्था

Oplus_16908288

कटनी। यात्रियों की जान जोखिम में डालकर शराब के नशे में यात्री बस चलाने वाले चालक के खिलाफ बड़वारा पुलिस ने कार्रवाई की है। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने तेज गति से लहराते हुए चल रही यात्री बस को रुकवाया। जांच में चालक के शराब पीने की पुष्टि होने पर पुलिस ने बस जब्त कर उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान कटनी की ओर से आ रही गहरवार कंपनी की यात्री बस क्रमांक MP 54 ZC 9977 तेज गति और लापरवाही से लहराते हुए चलती दिखाई दी। पुलिस टीम ने तत्काल बस को रुकवाकर चालक की जांच की। ब्रीथ एनालाइजर से जांच करने पर चालक कुलदीप विश्वकर्मा (30), निवासी डीघी, थाना बरही, जिला कटनी द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई।
निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने का भी आरोप
पुलिस के मुताबिक, चालक शराब के नशे में बस चला रहा था और वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। बस में दर्जनों यात्री मौजूद थे। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने सभी को सुरक्षित नीचे उतरवाया और उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई। इसके बाद बस को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई
बड़वारा पुलिस ने चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 एवं धारा 66/192 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र चढ़ार तथा आरक्षक बृजलाल प्रजापति और आकाश रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील
कटनी पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। विशेष रूप से यात्री वाहन चालकों को यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *