कलेक्टर ने बड़वारा में 60 लाख की लागत से बन रहे बस स्टैंड का किया औचक निरीक्षण, निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश

कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने विकासखंड मुख्यालय बड़वारा में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नवीन बस स्टैंड भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, प्रभारी कार्यपालन यंत्री मेघा पवार, तहसीलदार बड़वारा ऋषि गौतम सहित पर्यावरणविद एवं सचिव मानव जीवन विकास निर्भय सिंह मौजूद रहे।
पहुंच मार्ग के गड्ढे भरकर समतलीकरण कराने के निर्देश
कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्माणाधीन बस स्टैंड का निरीक्षण करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि मुख्य सड़क से बस स्टैंड तक पहुंचने वाले मार्ग पर मौजूद गड्ढों की भराई कराकर सड़क का समतलीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि मार्ग को सुगम बनाया जाए, ताकि यात्रियों और आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बस स्टैंड में बनेंगी 15 दुकानें, यात्री प्रतीक्षालय भी होगा
निर्माणाधीन बस स्टैंड भवन में यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। परियोजना के तहत मुख्य भवन में तीन दुकानें, यात्रियों के बैठने के लिए एक बड़ा प्रतीक्षालय और दो प्रसाधनों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, बस स्टैंड के बाहरी परिसर में 12 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित कार्यों में शामिल है। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। बस स्टैंड के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *