बड़वारा पुलिस की कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
कटनी। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने ग्राम भुड़सा के नउआ घाट से रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। ट्रैक्टर चालक रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 15 अक्टूबर को भ्रमण के दौरान बड़वारा पुलिस को ग्राम भुड़सा स्थित नउआ घाट पर नीले रंग का पावरट्रैक कंपनी का ट्रैक्टर मिला, जिसकी ट्रॉली में रेत भरी हुई थी।
पुलिस ने ट्रैक्टर रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम अरविंद कुमार कोल (26), पिता चुन्नीलाल कोल, निवासी भुड़सा, थाना बड़वारा, जिला कटनी बताया। रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह और आरक्षक आकाश रावत की विशेष भूमिका रही।