सूने मकान में सेंधमारी कर चोरी करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, 40 हजार के जेवरात बरामद, निवार पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र की निवार चौकी पुलिस ने ग्राम जरवाही में सूने मकान में सेंधमारी कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 6 मई 2026 को ग्राम जरवाही निवासी हेमचन्द्र कुशवाहा अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान की पिछली दीवार खोदकर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवरात सहित नकदी चोरी कर ली। घर लौटने पर चोरी की जानकारी मिलने के बाद फरियादी ने निवार चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर माधवनगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 408/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पूछताछ में चोरी करना स्वीकारा
विवेचना के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी जितेंद्र उर्फ पवनों मांझी (26), पिता खुन्नू मांझी, निवासी मतवारी, थाना कुठला को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उसके कब्जे से करीब 40 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर जब्त किए गए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष दुबेदी और माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, मनीष कुमार, देवेश कोष्टा तथा आरक्षक अरविंद और वकील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।