त्योहारों से पहले सभी डीजे संचालकों से भरवाए गए घोषणा पत्र, उल्लंघन पर होगी वैधानिक कार्रवाई, एएसपी कमल मौर्य की अध्यक्षता में हुई डीजे संचालकों की बैठक
कटनी। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने की। बैठक में डीजे संचालकों को शासन एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा, ध्वनि स्तर और अन्य नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में एएसपी कमल मौर्य ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान डीजे का संचालन निर्धारित मानकों और अनुमति की शर्तों के अनुसार ही किया जाए। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करते समय आम नागरिकों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
बैठक में सभी डीजे संचालकों को पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई। साथ ही सभी संचालकों से नियमों के पालन के संबंध में घोषणा पत्र भरवाए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित नियमों, ध्वनि स्तर और समय-सीमा का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शांतिपूर्ण त्योहारों के लिए पुलिस की अपील
कटनी पुलिस ने डीजे संचालकों से जिम्मेदारीपूर्वक व्यवसाय संचालित करने और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की अपील की, जिससे आमजन को परेशानी हो या जिले की कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बने। पुलिस ने त्योहारों के दौरान शांति, सद्भाव और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण बनाए रखने में सभी से सहयोग करने का आग्रह किया। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, तहसीलदार कटनी, थाना प्रभारी माधव नगर शैलेन्द्र यादव, जिले के डीजे संचालक एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।