नौनिहालों के सर्वांगीण विकास में न रहे कोई कमी : निगमायुक्त तपस्या परिहार, पालन घर का निरीक्षण कर बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक सामग्री, खेल उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के दिए निर्देश
कटनी। कामकाजी महिलाओं के बच्चों की देखभाल और उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम की महत्वपूर्ण योजना पालन घर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार (IAS) ने गुरुवार को टी.सी. बजन स्कूल में संचालित पालन घर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, अनिल जायसवाल, मृदुल श्रीवास्तव, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, आरएसआई विनोद सिंह चौहान, सीओओ योगेश पवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बच्चों की गतिविधियों और सुविधाओं का लिया जायजा
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने पालन घर में उपस्थित बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनकी रचनात्मक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने केयरटेकर पूनम बानामी से बच्चों को सिखाई जा रही गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही बच्चों की उपस्थिति पंजी, पोषण आहार, पेयजल, खेल सामग्री और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
ज्ञानवर्धक खिलौने और खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश
निगमायुक्त ने निर्देशित किया कि पालन घर में बच्चों के शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। बच्चों की सीखने की क्षमता और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए ज्ञानवर्धक खिलौने, शैक्षणिक चार्ट, पठन सामग्री और खेल उपकरण उपलब्ध कराने के साथ अलमारी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पालन घर के पीछे स्थित रिक्त स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा की दृष्टि से वहां बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने तथा परिसर को विकसित करने के निर्देश दिए। इससे बच्चों के लिए आउटडोर खेल क्षेत्र तैयार करने और उपलब्ध सुविधाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी।
घर जैसा सुरक्षित और प्रेरणादायक हो वातावरण
निगमायुक्त ने कहा कि पालन घर केवल बच्चों को रखने का स्थान नहीं, बल्कि उनके संस्कार, सीखने और व्यक्तित्व विकास की पहली पाठशाला है। इसलिए यहां का वातावरण घर जैसा सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायक होना चाहिए, ताकि बच्चों को बेहतर देखभाल के साथ सीखने और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
जोन और अतिक्रमण कार्यालय का भी किया निरीक्षण
पालन घर के निरीक्षण के बाद निगमायुक्त ने परिसर में संचालित जोन कार्यालय और अतिक्रमण कार्यालय का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने तथा कार्यालय परिसर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य कामकाजी महिलाओं को बच्चों की देखभाल के प्रति भरोसेमंद सुविधा उपलब्ध कराने के साथ नौनिहालों के सुरक्षित वातावरण में समुचित विकास को प्रोत्साहित करना है।