चलती ट्रेन में हो रही यात्रियों से वसूली और बदसलूकी, तीन किन्नरों पर RPF ने की कार्रवाई, रेल अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज

कटनी। कटनी से जबलपुर के बीच चलती ट्रेन में यात्रियों से जबरन पैसे मांगने और पैसे नहीं देने पर कथित रूप से अभद्रता करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तीन किन्नरों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरपीएफ की कार्रवाई के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार बुधवार को उप निरीक्षक राजकुमार चंदेल, प्रधान आरक्षक जितेंद्र तिवारी, विपिन कुमार दुबे तथा आरक्षक हरिकेश दुबे और अरुण यादव प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान गाड़ी संख्या 11401 आउटर पर आकर रुकी। आरपीएफ टीम ने ट्रेन के कोचों में जांच शुरू की। जांच के दौरान तीन किन्नर बिना किसी अधिकार पत्र के यात्रियों से पैसे मांगते हुए पाए गए। यात्रियों ने आरपीएफ को बताया कि पैसे देने से इनकार करने पर उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की जा रही थी और उन्हें परेशान किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद आरपीएफ ने तीनों को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
इटारसी के रहने वाले हैं आरोपी
आरपीएफ के अनुसार पकड़े गए तीनों आरोपी इटारसी के नाला मोहल्ला क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनमें बबली गुरु रेशम खान (35 वर्ष), काली गुरु रेशम खान (45 वर्ष) और गंगा गुरु संजना (48 वर्ष) शामिल हैं। आरपीएफ ने तीनों के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 137 और 145 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में यदि कोई व्यक्ति जबरन पैसे मांगता है, अभद्रता करता है या किसी प्रकार से परेशान करता है तो इसकी तत्काल सूचना रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे हेल्पलाइन को दें, ताकि ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई की जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *