एसपी ने देर शाम कुठला थाने का किया औचक निरीक्षण, पुलिसकर्मियों की सतर्कता परखी, दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली को लेकर रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा
कटनी। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा एवं दीपावली पर्वों को देखते हुए कटनी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) ने बुधवार देर शाम थाना कुठला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रात्रिकालीन ड्यूटी व्यवस्था, पुलिसकर्मियों की उपस्थिति और उनकी सतर्कता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनकी ड्यूटी व्यवस्था और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने रात्रिकालीन गश्त की स्थिति की समीक्षा करते हुए संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
पर्वों को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश
एसपी श्री विश्वकर्मा ने आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा एवं दीपावली के मद्देनजर पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में लगातार भ्रमण और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और आमजन सुरक्षित माहौल में पर्व मना सकें।
संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर
एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि रात्रि के समय पुलिस की सक्रियता अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी अप्रिय स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। एसपी के औचक निरीक्षण को रात्रिकालीन पुलिस व्यवस्था की सतर्कता परखने और आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।