एस्बेस्टस वेस्ट की जांच के लिए संयुक्त टीम ने किया स्थल निरीक्षण, कलेक्टर के निर्देश पर भटिया मुहल्ला क्षेत्र से मिट्टी और भूजल के लिए गये नमूने

कटनी। कैमोर स्थित एवरेस्ट कंपनी के “एस्बेस्टस वेस्ट” के संबंध में कलेक्टर आशीष तिवारी ने संज्ञान लेते हुए इसकी जांच के लिए संयुक्त टीम गठित की है। टीम में राजस्व विभाग, मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (कटनी) तथा नगर परिषद कैमोर के अधिकारी शामिल हैं। संयुक्त टीम ने बुधवार को भटिया मुहल्ला वार्ड क्रमांक-2 (डॉ जाकिर हुसैन वार्ड) स्थित क्षेत्र का बुधवार को स्थल निरीक्षण कर मिट्टी व भू-जल के नमूने एकत्र किया।
जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र से मृदा (मिट्टी) एवं ग्राउंड वाटर (भूजल) के नमूने एकत्र किए गए। मिट्टी परीक्षण के लिए फुटबॉल ग्राउंड, एवरेस्ट कंपनी के पश्चिम एवं दक्षिण दिशा में लतीफ खान के घर के पास, गुरुदीप सिंह बेदी के घर के पास तथा शासकीय अस्पताल के पीछे से नमूने लिए गए। इसी प्रकार भूजल की गुणवत्ता की जांच के लिए श्री रमेश निषाद के मकान के पास तथा सरवर खान के मकान के पास स्थित हैंडपंपों से जल के नमूने लिए गए। एकत्र किए गए सभी मिट्टी एवं जल नमूनों को विस्तृत वैज्ञानिक एवं प्रयोगशाला जांच के लिए केंद्रीय प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा ।प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट के आधार पर वस्तुस्थिति का परीक्षण किया जाएगा।
जांच उपरांत पंचनामा तैयार करने की प्रक्रिया मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सुधांशु तिवारी, वैज्ञानिक राजेन्द्र शुक्ला, नायब तहसीलदार कैमोर राजेन्द्र श्रीवास्तव तथा नगर परिषद कैमोर के सेनेटरी इंस्पेक्टर पी.आर. सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान स्थानीय नागरिक अवध किशोर विश्वकर्मा, लतीफ खान, साहिल खान, महबूब सहित अन्य नागरिक भी उपस्थित रहे। संयुक्त टीम द्वारा पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े विषय में तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *