लचर शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ एनएसयूआई ने निकाली भाजपा सरकार की अर्थी, बरही में किया प्रदर्शन

कटनी। विकासखंड विजयराघवगढ़ की बरही तहसील में शासकीय महाविद्यालय की बदहाल व्यवस्थाओं और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरोध में एनएसयूआई ने भाजपा सरकार का अर्थी जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक के नेतृत्व में कॉलेज परिसर से चौक तक निकाले गए जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक संजय पाठक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एनएसयूआई ने विधायक संजय पाठक पर छात्रों की समस्याओं की अनदेखी और उनके प्रति गैरजिम्मेदार रवैया अपनाने का आरोप लगाया। संगठन का कहना है कि बरही महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके अनुपात में शिक्षकों और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ प्रयोगात्मक और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अधूरी बिल्डिंग और शिक्षकों की कमी पर सवाल
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई ने महाविद्यालय की अधूरी बिल्डिंग का निर्माण जल्द पूरा कराकर उसे तत्काल हैंडओवर करने की मांग की। संगठन ने भवन में आई दरारों की तकनीकी जांच और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की भी मांग उठाई। एनएसयूआई के अनुसार वर्ष 2024 में पूर्ण होने वाली भवन परियोजना अब तक हैंडओवर नहीं हो सकी है, जिसकी स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। संगठन ने बताया कि महाविद्यालय में करीब 2700 विद्यार्थी हैं, जबकि शिक्षकों की संख्या मात्र 14 है। विद्यार्थियों के अनुपात में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति एवं पदस्थापना की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
प्रयोगशाला, पुस्तकालय और खेल सुविधाओं की मांग
एनएसयूआई ने महाविद्यालय में पर्याप्त और व्यवस्थित विज्ञान प्रयोगशालाएं उपलब्ध कराने, रसायन विज्ञान के लिए विषयवार लैब शिक्षक एवं प्रयोगशाला सहायकों की नियुक्ति तथा विद्यार्थियों को आवश्यक उपकरण और सुरक्षित प्रैक्टिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके अलावा कॉलेज में M.Sc. और B.Sc. Computer Science की कक्षाएं शुरू करने, बड़ा पुस्तकालय बनाने, खेल मैदान एवं खेल सुविधाओं में सुधार करने, खराब जिम मशीनों को बदलकर जिम शुरू करने तथा विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था की मांग की गई। संगठन ने कॉलेज परिसर की नियमित साफ-सफाई, बॉटनिकल पार्क के रखरखाव, नाडेप एवं अन्य पर्यावरणीय संरचनाओं को व्यवस्थित करने, पार्क का खराब गेट बदलने और पुरानी बिल्डिंग की आवश्यक मरम्मत व पुताई कराने की मांग भी रखी।
“छात्रों की जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा”
एनएसयूआई कॉलेज अध्यक्ष अमन तिवारी ने कहा कि बरही महाविद्यालय में हजारों छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त शिक्षक, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी तत्काल समस्याओं का समाधान करें, अन्यथा एनएसयूआई छात्रों के हित में आंदोलन को और तेज करेगी। एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष वैभव बघेल ने कहा कि कॉलेज की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। अधूरी बिल्डिंग, शिक्षकों की कमी और मूलभूत सुविधाओं का अभाव सीधे छात्रों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि संगठन छात्रों की आवाज को दबने नहीं देगा और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि छात्रों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि बेहतर शिक्षा, पर्याप्त शिक्षक, आधुनिक प्रयोगशालाएं और जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अंबिका द्विवेदी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष संजय बिलोहा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शुभम शर्मा, समीम वारसी, विकास सिंह, विधानसभा अध्यक्ष राजन साहू, बरही ब्लॉक अध्यक्ष वैभव सिंह, कॉलेज अध्यक्ष अमन तिवारी, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राज सिंह, अखिलेश द्विवेदी, प्रांशु द्विवेदी, जिला सचिव अभिषेक दुबे, ध्रुव, मुस्कान सिंह, प्रियंका मिश्रा, आराधना सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *