निवारा औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक विकास को मिलेगा नया विस्तार, जल्द शुरू हो सकेंगी औद्योगिक गतिविधियां
कटनी। जिले के निवारा औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 9.30 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति के तहत आवश्यक अधोसंरचना विकसित की गई है। औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य तेजी से चल रहा है। विद्युत अधोसंरचना के विस्तार के लिए एमपीईबी द्वारा करीब 3 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है। इसके तहत विद्युत पोल स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि विद्युत तार बिछाने का कार्य आगामी करीब डेढ़ माह में पूरा होने की संभावना है।
विद्युत व्यवस्था का कार्य पूर्ण होने के बाद निवारा औद्योगिक क्षेत्र में आवंटित भूखंडों पर संबंधित इकाई संचालकों द्वारा औद्योगिक गतिविधियां शुरू की जा सकेंगी। इससे क्षेत्र में नए उद्योगों की स्थापना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का सृजन और जिले की औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है। जिला प्रशासन द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। निवारा औद्योगिक क्षेत्र में अधोसंरचना का विस्तार जिले में औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसरों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।