बीमार महिला यात्री ने ट्रेन में तोड़ा दम, कटनी स्टेशन पर रेलवे डॉक्टर ने घोषित किया मृत
कटनी। मुंबई से पटना जा रही गाड़ी संख्या 13202 जनता एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक 50 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतका की पहचान गीता देवी के रूप में हुई है, जो बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली थीं। मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन में सफर के दौरान महिला यात्री की हालत बिगड़ने पर उनके परिजनों ने तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना देकर मेडिकल सहायता की मांग की।
जैसे ही यह सूचना कटनी स्टेशन पर तैनात डिप्टी एसएस (कमर्शियल) मुकेश मिश्रा को मिली, उन्होंने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाते हुए रेलवे डॉक्टर को कॉल करके स्टेशन पर बुलाया। ट्रेन के कटनी स्टेशन पहुंचते ही रेलवे डॉक्टर ने कोच में पहुंचकर महिला की जांच की, जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और रेलवे प्रशासन द्वारा आवश्यक औपचारिकताओं की कार्रवाई की जा रही है।