निवार पुलिस की कार्रवाई: 2 किलो 173 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
कटनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निवार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 173 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है, तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को निवार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जरवाही जंगल के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर तस्करी के उद्देश्य से जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ML 8212 पर सफेद रंग का थैला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद थैले से हरे रंग का पत्तेदार पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी जांच के बाद उसे गांजा पाया गया। तौल करने पर गांजे की कुल मात्रा 2 किलो 173 ग्राम निकली।
पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहिद प्रजापति (24), पिता बाबूराम प्रजापति, निवासी बंधी रोड/मतवारा रोड, थाना स्लीमनाबाद, जिला कटनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय कटनी के समक्ष पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया। कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी माधवनगर शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा, सउनि. राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक क्रमांक 76 गौरव सेन, प्रधान आरक्षक क्रमांक 182 संतोष प्रजापति एवं आरक्षक क्रमांक 352 अरविंद कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।