चार साल पुराने मामले में फरार स्थायी वारंटी कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में, पुलिस ने हीरागंज के पास से दबोचा, लंबे समय से दे रहा था चकमा
कटनी। कोतवाली पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी राज प्रजापति पिता ओमप्रकाश प्रजापति, निवासी आधारकाप, कटनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2022 के एक मामले सहित दो प्रकरणों में फरार चल रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे हीरागंज के पास से पकड़ा। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने विशेष टीम गठित कर फरार वारंटियों की तलाश शुरू कराई थी।
पुलिस के अनुसार, राज प्रजापति के खिलाफ माननीय न्यायालय विनोद कुमार चौधरी, जेएमएफसी, जिला कटनी द्वारा प्रकरण क्रमांक 5536/22 एवं अपराध क्रमांक 142/22 में धारा 294, 323, 506, 34 भादवि. के तहत स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसके अलावा सुश्री चित्रांगदा मण्डलोई, पंचम सिविल जज, कनिष्ठ खण्ड, कटनी के न्यायालय से प्रकरण क्रमांक 6283/23, इस्तगासा क्रमांक 3394/23 में धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी गिरफ्तारी वारंट जारी था।
त्योहारी सीजन में फरार वारंटियों पर कार्रवाई
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा ऐसे आरोपियों की जानकारी जुटाकर लगातार उनकी तलाश की जा रही है। राज प्रजापति की गिरफ्तारी में प्र.आर. अनिल सेंगर, आरक्षक दीपक तिवारी, अमिम सिंह, उपेन्द्र सिंह एवं दीपक चक्रवर्ती की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में अन्य मामलों में फरार आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।